Maharashtra Assembly Speaker: महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने के बाद विधानसभा के नए अध्यक्ष को भी चुन लिया गया है। महाराष्ट्र से जीते बीजेपी विधायक राहुल नार्वेकर को विधानसभा का नया अध्यक्ष चुना गया है। दरअसल, सोमवार को विपक्ष द्वारा उम्मीदवार नहीं उतारने के कारण नार्वेकर का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। पिछली विधानसभा में नार्वेकर 3 जुलाई, 2022 को विधानसभा के स्पीकर बने थे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में महायुति की प्रचंड जीत के बाद नार्वेकर के निर्वाचन को महज औपचारिकता माना जा रहा था। नार्वेकर दूसरी बार मुंबई की कोलाबा सीट से निर्वाचित हुए हैं।
दरअसल, सोमवार (9 दिसंबर) को निर्विरोध चुनाव में उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा का स्पीकर चुना गया। बता दें, रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार के सामने स्पीकर पद के लिए पर्चा भरा था। इस दौरान बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। वहीं महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और चंद्रकांत पाटिल भी मौके पर मौजूद थे।
बता दें, महाविकास अघाड़ी की तरफ से किसी भी विधायक ने स्पीकर पद के लिए पर्चा नहीं भरा था। वैसे भी स्पीकर हमेशा ही उसी पार्टी का चुना जाता है, जिसके पास बहुमत होता है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है। इसी वजह से राज्य में गठबंधन की सरकार बनी है। वहीं अब स्पीकर भी इसी गठबंधन के नेता चुना गया है।
कौन है राहुल नार्वेकर ?
राहुल नार्वेकर महाराष्ट्र की कोलाबा विधानसभा सीट से विधायक हैं। राहुल शिवसेना के हिस्सा रह चुके है। वह 2014 लोकसभा चुनाव में शिवसेनी पार्टी से टिकट नहीं मिला था और वह एनसीपी में शामिल हो गए थे। एनसीपी के टिकट पर उन्हें मावल सीट से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद पार्टी के साथ बने रहे। अब उन्हें स्पीकर का अहम पद दिया गया है। प्रोटेम स्पीकर कालीदास कोलंबकर ने राहुल नार्वेकर को महाराष्ट्र विधानसभा का स्पीकर नियुक्त किया, क्योंकि उनके खिलाफ किसी भी दूसरे नेता ने पर्चा नहीं भरा था। राहुल के पिता भी कोलाबा से नगर निगम पार्षद रहे थे।