Manipur Violence: मणिपुर में एक बार फिर शांति के बीच हिंसा भड़क उठी है। दरअसल, मणिपुर के इम्फाल वेस्ट के क्वाकेतल इलाके में शनिवार रात को सुरक्षा बलों ने मैतेई संगठन अराम्बाई तेंगोल के एक नेता को गिरफ्तार किया। जिसके बाद उसके समर्थक आग-बबूला हो गए और पूरे इलाके में हिंसा प्रदर्शन किए। वहीं अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को देखते हुए राज्य के 5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं पांच दिन के लिए बंद कर दी हैं। इन जिलों में ज्यादा लोगों के जुटने पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाह न फैलाने और उनसे बचने की अपील की है।
इसके अलावा, बिष्णुपुर जिले में कर्फ्यू भी लगाया गया है। प्रशासन ने इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, थौबल और काकचिंग जैसे अन्य जिलों में भी कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया है। बता दें, प्रदर्शनकारी मैतेई स्वयंसेवी समूह अराम्बाई तेंगोल से संबंधित थे। इन लोगों ने अपने नेता की रिहाई की मांग करते हुए नारे लगाए और सड़कों पर टायर जला दिए। इस समूह पर पहले हुए जातीय हिंसा के दौरान कुकी गांवों पर हमले का आरोप है। जानकारी के अनुसार, NIA की टीम ने शनिवार दोपहर 2 बजे मैतेई समूह के पांच स्वयंसेवकों को गिरफ्तार किया था। जिसमें उसका एक कमांडर भी शामिल है।
हालांकि, मणिपुर प्रशासन ने अचानक हुए इस घटना के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, जिसने एक बार फिर राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश की है।