
Delhi CM: 21 सितंबर को आतिशी लेंगी सीएम पद की शपथ, जानिए कैबिनेट में किसे मिलेगा मौका
Delhi CM: दिल्ली के नए सीएम को लेकर चर्चा तेज है। दरअसल, आतिशी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ शनिवार यानी 21 सितंबर को लेंगी। बता दें, अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद, AAP विधायक दल ने आतिशी को अपना नया नेता चुना था। उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने राष्ट्रपति को भेजी अपनी सिफारिश में 21 सितंबर को आतिशी और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण का प्रस्ताव रखा। आतिशी की कैबिनेट में नए मंत्री कौन बनेंगे। क्या केजरीवाल कैबिनेट के पुराने सभी मंत्री इस बार रिपीट होंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुछ ही समय बाकी है ऐसे में देखने वाली बात होगी कि किन नए चेहरों को मौका मिलता है।
इन नए नामों की है चर्चा
दरअसल, दिल्ली सरकार कैबिनेट में शायद अब कुछ कुछ नए चेहरे दिखाई दे सकते हैं। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि करोल बाग से विधायक विशेष रवि या कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार को पूर्व समाज कल्याण मंत्री राज कुमार आनंद की जगह दी जा सकती है। आनंद ने लोकसभा चुनाव से पहले अप्रैल में AAP छोड़ दी थी और अब BJP में शामिल हो गए थे। सूत्रों के अनुसार, जरनैल सिंह, सोमनाथ भारती, दुर्गेश पाठक और संजीव झा के नामों पर भी विचार किया जा रहा है। ये सभी आतिशी के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुए मंत्री पद के लिए संभावित दावेदार माने जा रहे हैं।
कैसे होगा विभागों का बंटवारा
दिल्ली में सीएम के बाद कुल छह मंत्री बनाए जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि चुनाव में कम वक्त और विभागों की जानकारी के चलते मौजूदा मंत्रियों को उनके वर्तमान विभागों के साथ बनाए रखा जा सकता है। दो नए मंत्रियों को आनंद द्वारा पहले संभाले गए सात विभागों में से कुछ दायित्व सौंपे जा सकते हैं। आतिशी अब सीएम होंगी और जिम्मेदारी बढ़ेगी। ऐसे में उनके कुछ विभागों को अन्य मंत्रियों में बांटा जा सकता है। केजरीवाल सरकार में, आतिशी के पास 13 विभागों की जिम्मेदारी थी।