
गर्मी से परेशान लोगों को आज मिल सकती है थोड़ी राहत
Lucknow Desk : कहीं लोग गर्मी से परेशांन हैं। तो कहीं लोग बारिश से परेशांन हैं। तो वहीं अब मानसून ने कुछ राज्यों में दस्तक दे दी है, तो बाकी राज्यों में आने वाले समय में पहुंचेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 जून को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इसके साथ ही बिजली चमकने और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, गर्मी से पूरी राहत की उम्मीद फिलहाल नहीं है क्योंकि आज भी न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 14-20 जून के दौरान केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के साथ तटीय कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी भी चलने की संभावना जताई जा रही है। मध्य प्रदेश में 14 से 17 जून के बीच धूल भरी आंधी, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है । इसके अलावा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा, अंडमान-निकोबार द्वीप और पश्चिम बंगाल में भी 15 से 17 जून तक धूल भरी आंधी का असर रहेगा । पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 और 17 जून को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में आज से अगले 6 दिन तक कई जगह 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कई जगह बादल भी छाएंगे और हल्की बारिश की संभावना भी जताई जा रही है। आज से अगले 6 दिन तक राजस्थान में कई जगह गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।