Breaking News:
President Draupadi Murmu

Mahakumbh 2025: कल प्रयागराज जाएंग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जानें क्या हैं कार्यक्रम?

Mahakumbh 2025: प्रयागराज के महाकुंभ में हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु के आने का सिलसिला जारी है। इस कड़ी में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकुंभ में डुबकी लगाएंगी। यह जानकारी आज रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई है। बयान के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी। इस दौरान संगम स्नान के साथ ही वो अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। बता दें, राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

अक्षयवट का भी करेंगी पूजन

जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी सुबह संगम नोज पहुंचकर त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाएंगी। देश की प्रथम नागरिक का संगम में डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा। इसके उपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू धार्मिक आस्था को और मजबूती देने के लिए अक्षयवट का दर्शन-पूजन करेंगी। सनातन संस्कृति में अक्षयवट को अमरता का प्रतीक माना जाता है। ये हिन्दू धर्म का एक महत्वपूर्ण स्थल है, जिसकी महत्ता पुराणों में भी वर्णित है। इसके अलावा वह बड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन करेंगी और पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

महाकुंभ के बाद दिल्ली जाएंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू

बता दे कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र का अवलोकन करेंगी, जिसमें महाकुंभ मेले की विस्तृत जानकारी तकनीकी माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही यहां देश-विदेश के श्रद्धालुओं को इस अद्भुत आयोजन को और अधिक निकटता से अनुभव करने के लिए स्थापित किया गया है। दरअसल, राष्ट्रपति शाम पौने छह बजे प्रयागराज से वापस नई दिल्ली के लिए जाएंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल प्रयागराज के लिए ऐतिहासिक होगा, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रेरणादायी क्षण होगा।


Comment As:

Comment (0)