
Sports : खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का दौरा हुआ कैंसल , जानें क्या है वज़ह
Lucknow Desk : मैच के पहले ही भारत और चीन के बीच विवाद बढ़ गया है। दरअसल, खेलों से पहले चीन की एक नापाक हरकत सामने आई। उसने हांगझोऊ एशियाई खेलों के लिए अरुणाचल प्रदेश के तीन वूशु खिलाड़ियों को अंतिम क्षणों में वीजा नहीं दिया।
भारत ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने नयी दिल्ली और बीजिंग में चीन के भेदभाव पूर्ण रवैये के ख़िलाफ कड़ा बयान दिया है। अरिंदम बागची ने अपने बयान में कहा, “भारतीय नागरिकों के साथ उनकी पहचान और Domicile के आधार पर चीन के भेदभाव वाले रवैये को भारत पुरज़ोर तरीक़े से ख़ारिज करता है। अरूणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा था, हिस्सा है और अभिन्न हिस्सा रहेगा। चीन ने एशियन गेम्स के नियमों का भी उल्लंघन किया है।
भारत के पास अपने हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अधिकार है : विदेश मंत्रालय के बयान में कहा, “भारत के पास अपने हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अधिकार है। चीन का कृत्य एशियाई खेलों की भावना, उनके आचरण को नियंत्रित करने वाले नियमों का उल्लंघन करता है। मंत्रालय ने आगे बताया कि चीन के इस रवैये के विरोध में भारत के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपना चीन का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया है।
अब यह मामला गरमा गया है। भारत ने चीन को मुंहतोड़ जवाब दिया है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा है कि भारत के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर पहले एशियाई खेलों के लिए चीन का दौरा करने वाले थे, जिसे अब रद्द कर दिया गया है।
ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के कार्यवाहक अध्यक्ष का बयान
अरुणाचल प्रदेश के तीन भारतीय वूशु खिलाड़ियों को एशियाई खेलों के लिए चीन में प्रवेश से वंचित किए जाने पर ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के कार्यवाहक अध्यक्ष रणधीर सिंह ने कहा- हमने कल वर्किंग ग्रुप के साथ भी बैठक की थी और इस मुद्दे को वर्किंग ग्रुप की बैठक में उठाया गया है। वे इसे सरकार के साथ सुलझा रहे हैं और हम भी इसे सरकार के साथ उठा रहे हैं। इस पर हमारे साथ भी चर्चा चल रही है। यह सरकार से सरकार के बीच जो हो रहा है उससे बाहर है। हम इसमें ओसीए की ओर से हैं। हम उस तरह से डील कर रहे हैं।