Brijlal Khabri

Brijlal Khabri Was Replaced By Former MLA Ajay Rai : उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष अजय राय , वाराणसी से लड़ चुके हैं चुनाव

Lucknow Desk : खबर कांग्रेस पार्टी से आ रही है। जहां आज कांग्रेस ने पूर्व विधायक अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वही इसे साफ जाहिर होता है कि लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में अब कांग्रेस भी एक्टिव होती जा रही है। बताते चले कि कांग्रेस नेता अजय राय दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। पहले 2014 और फिर 2019 में इन्होंने चुनाव लड़ा था।

पांच बार के विधायक रह चुके अजय राय

आपको बता दें कि अजय राय अब तक पांच बार के विधायक रह चुके हैं। 2012 में उनकी कांग्रेस में तब एंट्री हुई थी जब दिग्विजय सिंह यूपी के प्रभारी और कांग्रेस महासचिव थे। उन्होंने अजय राय के पार्टी में प्रवेश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 2012 के विधानसभा उपचुनाव में वाराणसी की पिंडरा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और इस तरह वह पांचवीं बार विधायक बने।

बृजलाल खाबरी की जगह ली अजय राय ने

आपको बता दें की अजय राय ने यूपी कांग्रेस में बृजलाल खाबरी की जगह ली है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिहाज से 80 सीटों वाला उत्तर प्रदेश बेहद अहम है। लेकिन लगातार चुनाव हार रही कांग्रेस की हालत यहां बहुत खराब है। साल 2019 के चुनाव में तो कांग्रेस अपनी परंपरागत और सबसे सुरक्षित सीट अमेठी से भी हार गई थी।  ऐसे में बिखरे हुए संगठन को फिर से एकजुट करना और लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी कैडर तैयार करना अजय राय की सबसे बड़ी चुनौती होगी।

2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाए

वहीं अजय राय 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाए। लेकिन, वह सालों से कांग्रेस में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व के उन पर भरोसे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा राज्य इकाई के फेरबदल में, उन्हें प्रयागराज क्षेत्र के लिए पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया। इसमें पूर्वी यूपी के करीब 12 जिलों की जिम्‍मेदारी उन्‍हीं पर है।

 

 

 

 


Comment As:

Comment (0)