R G Kar Hospital Incident

Kolkata: कोलकाता में हुआ निर्भया कांड, महिला डॉक्टर से दरिंदगी

Kolkata:  दिल्ली निर्भया कांड जैसा मामला पश्चिम बंगाल से भी सामने आया है। यहां आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के इमरजेंसी बिल्डिंग के चौथे तल पर सेमिनार हॉल से एक जूनियर महिला डॉक्टर का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से क्षेत्र में बवाल मच गया है। बंगाल के विभिन्न अस्पतालों में सुबह से ही जूनियर डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन लगातार शुरु है। हर कोई युवा डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के लिए न्याय की मांग कर रहा है। आंदोलनकारियों की मांग है कि इस घटना के दोषियों को तुरंत सजा दी जाये। नहीं तो हड़ताल करेंगे। वहीं आरजी कर अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि वह अस्पताल में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। सिर्फ आरजी कर अस्पताल ही नहीं पश्चिम बंगाल के कई अस्पतालों में हंगामा व प्रदर्शन जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि जैसे निर्भया की हत्या की गई थी वैसे ही महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई है।

रात दो बजे गयी थी सेमिनार हॉल में, उसके बाद से नहीं दिखी

मिली जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार की रात को जूनियर डॉक्टर महिला ड्यूटी पर थी। सूत्रों के अनुसार, रात दो बजे खाना खाने के बाद वह सेमिनार हॉल में गयी थी। उसके बाद से ही उसे नहीं देखा गया था। बाद में उसका शव मिला। अस्पताल में जिस जगह से उसका शव मिला, वहां बाहरी लोगों का आना-जाना संभव नहीं है।

मृतका के शरीर पर मिले हैं चोट के निशान

बता दें, मृतका के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। उसके होंठ, गाल और सिर पर स्क्रैच मार्क्स भी हैं। कपड़े अस्त-व्यस्त दिखे। पुलिस ने अभी तक कुछ भी साफ तौर पर नहीं कहा है। पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे।

मृत डॉक्टर के माता-पिता की मांग

मृतका के माता-पिता का आरोप है कि यह दुष्कर्म व हत्या का मामला है। उनकी बेटी अर्धनग्न हालत में थी। जहां से शव मिला, वहां सीसीटीवी कैमरा भी नहीं था। उन्होंने घटना की सटीक जांच की मांग की। वहीं कुछ मेडिकल छात्रों व जूनियर डॉक्टरों की मांग है कि अस्पताल में सुरक्षा बढ़ायी जाये सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ायी जाये।

पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में हुई हत्या की पुष्टि

पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या की पुष्टि हुई है। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि हत्या रात तीन बजे से सुबह छह बजे के बीच हुई होगी। गले के बाएं हिस्से की एक पसली टूटी हुई है। आशंका है कि गला दबाकर हत्या की कोशिश की गयी होगी।

पुलिस ने एक शख्स को किया गिरफ्तार

डॉक्टर की मौत के मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है और लालबाजार में ले जाकर उससे पूछताछ की जा रही है। युवक का नाम संजय रॉय है। वह उस अस्पताल का ड्यूटी होम गार्ड है।

यह भी पढ़ें:- Bareilly Serial Killer: पकड़ा गया बरेली का सीरियल किलर, एक ही तरीके से 10 महिलाओं को मौत के घाट उतारा


Comment As:

Comment (0)