
Delhi : CM रेखा गुप्ता को मिली Z श्रेणी की CRPF सुरक्षा !
Lucknow Desk : दिल्ली की राजनीति उस समय गरम हो गई थी। जब सीएम रेखा गुप्ता पर हमला हुआ। यह घटना उस जगह हुई जहां लोग अपनी समस्याएं लेकर मुख्यमंत्री से मिलने आते हैं। इस हमले के बाद पूरे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आपको बता दे कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर अचानक हमला हुआ था। इस हमले ने पूरे प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब केंद्र सरकार ने सीएम गुप्ता को Z श्रेणी की सीआरपीएफ सुरक्षा प्रदान कर दी है, जबकि पुलिस हमले के पीछे की वजह और किसी बड़ी साजिश की जांच में जुटी है।
वहीं हमले के 24 घंटे बाद दिल्ली बीजेपी के सभी सातों सांसदों ने सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की है.इस मुलाकात में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पूर्व दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद बांसुरी स्वराज समेत सभी सांसदों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। आपको बता दे कि हमला करने वाला राजेश खिमजी हैं। उसको कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इसके साथ ही सीएम की सुरक्षा और पुख्ता की गई है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात के बाद, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “मुख्यमंत्री का मनोबल बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है। जनसुनवाई तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी। वह अगले बुधवार को फिर लोगों से मिलेंगी। वह कल से काम पर वापस लौट आएंगी। मुख्यमंत्री घायल हैं, लेकिन अब ठीक हैं।
मुख्यमंत्री अब ठीक : योगेंद्र चंदोलिया
वहीं सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा, “मुख्यमंत्री अब ठीक हैं. कल की घटना निंदनीय है। आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। हम सभी उन्हीं के साथ हैं।
चिंता की कोई बात नहीं : बांसुरी स्वराज
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात के बाद, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “दिल्ली के सभी 7 सांसद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का हालचाल जानने उनके आवास पर गए थे। मैं दिल्ली की जनता को आश्वस्त करती हूं कि चिंता की कोई बात नहीं है। रेखा गुप्ता बहादुर हैं और उनका मनोबल अभी भी ऊंचा है। वह हमेशा की तरह सभी से मिलती रहेंगी. आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं आपको बता दे कि बुधवार को हुए हमले के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के हमारे संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास है। स्वाभाविक है कि इस हमले के बाद मैं सदमे में थी, परन्तु अब बेहतर महसूस कर रही हूं। मैं अपने सभी शुभचिंतकों से निवेदन करती हूं कि कृपया मुझसे मिलने के लिए परेशान न हों। मैं बहुत जल्द ही आपके बीच काम करती हुई दिखाई दूंगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे हमले मेरे हौसले और जनता की सेवा के संकल्प को कभी तोड़ नहीं सकते हैं। अब मैं पहले से कहीं अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ आपके बीच रहूंगी। जनसुनवाई और जनता की समस्याओं का समाधान पहले की तरह ही गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा। आपका विश्वास और समर्थन ही मेरी सबसे बड़ी ताक़त है। आपके अपार स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।