
Saif Ali Khan News: सैफ अली खान पर हुए हमले से गरमाई महाराष्ट्र की सियासत, विपक्ष ने उठाया कानून व्यवस्था पर सवाल
Saif Ali Khan News: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर देर रात चाकू से हमला हुआ। इस दौरान सैफ अली खान गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस हमले के बाद से महाराष्ट्र में विपक्षी दलों ने देवेंद्र फडणवीस सरकार पर निशाना साधा है। इस दौरान विपक्ष मुंबई के कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
हमले को लेकर प्रियंका चतुर्वेदी ने किया एक्स पर पोस्ट
शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म एक्स पर पूछा कि अगर मशहूर हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं, तो मुंबई में कौन सुरक्षित है? उन्होंने आगे कहा कि मुंबई में एक और हाई-प्रोफाइल शख्स पर जानलेवा हमला हुआ है, यह शर्मनाक है। सैफ अली खान पर हमला मुंबई पुलिस और गृह मंत्री पर सवाल खड़े करता है। ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जिनसे पता चलता है कि बड़े नामों को निशाना बनाकर मुंबई को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
इसी बीच प्रियंका चतुर्वेदी ने दिग्गज नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और अभिनेता सलमान खान पर हुए हमको लेकर कहा कि बाबा सिद्दीकी जी के परिवार को उनकी चौंकाने वाली हत्या के बाद अभी भी न्याय का इंतजार है। सलमान खान को बुलेटप्रूफ घर में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। अब सैफ अली खान हैं। ये सभी घटनाएं बांद्रा में हुई हैं। यह एक ऐसा इलाका है जहां सबसे ज्यादा मशहूर हस्तियां रहती हैं। यहाँ तो सुरक्षा व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए। अगर मशहूर हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं, तो मुंबई में कौन सुरक्षित है? सैफ अली खान के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
संजय राउत महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सैफ अली खान एक कलाकार हैं। उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। हाल ही में उन्होंने और उनके परिवार ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी।
संजय राउत ने आगे कहा कि जब सैफ अली खान पर चाकू से हमला हुआ, तब पीएम मोदी मुंबई में थे। इस राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। मुंबई और बीड में क्या हो रहा है? आम जनता सुरक्षित नहीं है। ऐसी घटनाएं हर दिन हो रही हैं।
यह भी पढ़ें:- Saif Ali Khan News: सैफ अली खान पर धारदार हथियार से हुआ हमला, लीलावती अस्पताल में कराया गया भर्ती