
Upendra Kushwaha News : अमित शाह से मिले उपेंद्र कुशवाहा , मिलने पहुंचे दिल्ली
Lucknow Desk : राष्ट्रीय लोक जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा आज दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा नेता अमित शाह से मिले। इस संबंध में उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार की राजनीतिक स्थिति और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए की रणनीति पर विशेष चर्चाएं हुई। इस मौके पर राष्ट्रीय लोक जनता दल के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव माधव आनन्द भी उपस्थित थे। कहा जा रहा है कि सीट शेयरिंग को लेकर दोनों नेताओं के बीच बात हुई। इसके अलावा कई अहम मुद्दों पर भी बात हुई। दोनों नेताओं ने लोकसभा चुनाव में बिहार की सभी 40 सीट पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने को लेकर एकजुटता पर बल दिया।
मालूम हो कि नीतीश कुमार के राजद से हाथ मिलाने से नाराज चल रहे उपेंद्र कुशवाहा ने इसी वर्ष जदयू का दामन छोड़ फिर से अपनी पार्टी का गठन किया है। उन्होंने जदयू के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। बता दें कि आज ही जदयू से बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य डॉ. रणवीर नन्दन ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को पत्र लिख पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
इसे लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंंत्री नीतीश कुमार को घेरा है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर डॉ. रणवीर नन्दन का इस्तीफ साझा करते हुए लिखा-आदरणीय नीतीश कुमार जी, शायद अब आपको मेरी बात समझ में आ रही होगी। आपकी एक गलती आपकी पार्टी के सर्वनाश का कारण है। लम्हों ने खता की, सदियों ने सजा पायी।