
Chhattisgarh : शपथ ग्रहण से पहले विष्णुदेव साय ने मां को लगाया गले, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री होंगे अरुण साव
Lucknow Desk : छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता विष्णुदेव साय 13 दिसंबर यानी आज नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आदिवासी समाज के दिग्गज नेता विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। पहले दो बजे होने वाला शपथ ग्रहण समारोह अब चार बजे होगा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
विष्णुदेव साय ने लिया मां का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले विष्णुदेव साय ने अपनी माता जसमनी देवी का आशीर्वाद लिया। मां ने बेटे को गले लगाकर आशीर्वाद दिया। इससे पहले विधायक दल की बैठक में जाने से पहले भी साय माता का आशीर्वाद लेकर गये थे।
विष्णु देव के साथ 9 और मंत्री ले सकते हैं शपथ
जानकारी के अनुसार, नवनिर्वाचित विष्णुदेव साय के साथ दो डिप्टी सीएम समेत कुल 10 मंत्री शपथ ग्रहण कर सकते हैं। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान समारोह का आयोजनि का जा रहा है।
रायपुर के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना
छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले अपने घर और फिर रायपुर के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। विष्णुदेव साय आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
पीएम मोदी का रायपुर में मिनट टू मिनट कार्यक्रम
शाम 4.00 बजे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का शपथ ग्रहण समारोह है। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2.15 बजे भोपाल से रवाना होकर 3.20 बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मोदी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर में 3.45 बजे रायपुर साइंस कॉलेज मैदान स्थित हेलीपेड आएंगे और हेलीपेड से सड़क मार्ग से 3.55 बजे साइंस कॉलेज मैदान में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी यहां शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम के बाद साइंस कॉलेज मैदान से शाम 4.50 बजे सड़क मार्ग से रवाना होकर 4.55 बजे हेलीपेड पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा 5.20 बजे रायपुर एयरपोर्ट आयेंगे। प्रधानमंत्री शाम 5.25 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।