
Agra News: आगरा में CM योगी क्यों बोले- बंटेंगे तो कटेंगे, बांग्लादेश को देख रहे हो ना...
Agra News: आज सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा पहुंचे। इस दौरान सीएम योगी ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। जहां उन्होंने कहा कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। राष्ट्र तभी मजबूत होगा, जब हम सब एक होंगे। बंटेंगे तो कटेंगे। इसी बीच उन्होंने बांग्लादेश में हुए हमले का जिक्र करते कहा कि बांग्लादेश में देख रहे हैं न, वो गलतियां यहां नहीं होनी चाहिए। एक रहेंगे- नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे और समृद्धि की पराकाष्ठा तक पहुंचेंगे।
सबसे पहले सीएम योगी ने राधे- राधे कहकर जनसभा में मौजूद लोगों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर को नमन करते हुए मौजूद लोगों का अभिनंदन किया। सीएम योगी ने कहा कि लगता है यह मूर्ति 10 साल से मेरा इंतजार कर रही थी। मेरे ऊपर उनकी कृपा आ गई। मुझे यहां आने का अवसर भी तब मिला, जब कृष्ण कन्हैया का जन्म हो रहा है। हम राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की आगरा में भव्य प्रतिमा के अनावरण के कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण ऐसे समय में कर रहे हैं, जब हम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में दर्ज काकोरी ट्रेन एक्शन का शताब्दी वर्ष मना रहे हैं।
देश की आजादी में 9 अगस्त 1925 में लखनऊ में पं. राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां, चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों ने ट्रेन एक्शन की घटना को अंजाम देकर उस समय अंग्रेज हुकूमत को चुनौती दी थी। उस समय ट्रेन एक्शन में क्रांतिकारियों में 4600 रुपए मिले थे, लेकिन क्रांतिकारियों को गिरफ्तार करने और सजा दिलाने में अंग्रेजों ने 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन तब भी भारत की आजादी की लड़ाई कमजोर नही पड़ी। विदेशी हुकूमत की चूलों को हिलाने के लिए भारत माता के इन महान सपूतों ने लगातार कार्य किया।
वहीं सीएम योगी ने आगरा के लोगों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कहा- आगरा के रज-रज में, कण-कण में भगवान कृष्ण का वास है। यहां कला है, विश्वास है, आस्था और समर्पण है। यह विश्वास और आस्था, कला-संस्कृति राष्ट्र प्रतिष्ठा के साथ आगे बढ़नी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- Kumar Vishwas in Mathura: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर मथुरा में अलग अंदाज में दिखे कुमार विश्वास