
Lucknow News: योगी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा ऐलान, यूपी विधानसभा का कांग्रेस आज करेगी घेराव
Lucknow News: लखनऊ में आज कांग्रेस पार्टी यूपी विधानसभा का घेराव करेगी। राज्य में कानून व्यवस्था, बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पूरे लखनऊ में सुरक्षा बढ़ी दी है। इसके साथ ही विधानसभा के बाहर भी अतिरिक्त पुलिसबल की तैनाती की गई है। वहीं, विधानसभा घेराव से पहले कुछ नेताओं को नजरबंद भी किया गया है।
बता दें, कई जिलों के कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता लखनऊ पहुंच रहे हैं। वहीं, पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस हेडक्वाटर के सामने कटीले तार लगाए गए हैं। ताकि कार्यालय के पास कोई भी कार्यकर्ता नहीं पहुंच पाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई नेताओं को पुलिस की और से नोटिस भी भेजा गया है। कई नेताओं को पुलिस ने घर पर ही नजरबंद कर दिया है।
क्या बोले अजय राय ?
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को कोई नहीं रोक पाएगा। वे कांग्रेस और राहुल गांधी की पार्टी के कार्यकर्ता हैं। वे विधानसभा का घेराव करेंगे। राज्य सरकार पूरे राज्य को बर्बाद कर दिया है। हमने इसके लिए उन्हें जवाबदेह ठहराएंगे। हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं के वाहनों को जब्त कर रहे हैं और उनके खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं।
विधानसभा के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
यूपी कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए यूपी विधानसभा के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कांग्रेस द्वारा यूपी विधानसभा में 'घेराव' का आह्वान करने पर डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी ने कहा कि विधानसभा के आसपास किसी भी तरीके से प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। सभी की सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा।
इन मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन
यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को सदन में अनुपुरक बजट पेश किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी, बढ़ती कीमतों, बुलडोजर की कार्रवाई, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार के खिलाफ विधानसभा का घेराव करने जा रही है। जिसके बाद से लखनऊ की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।