
Easter Sunday के मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
Lucknow Desk: आज देश में पुनरुत्थान दिवस (Easter Sunday) मनाया जा रहा है। ईसाई धर्म के लोग चर्च में जाकर प्रार्थना करके एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। पुनरुत्थान दिवस पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने त्याग और करुणा के प्रतीक ईसा मसीह के पुनरुत्थान दिवस (ईस्टर संडे/ Easter Sunday 2025) की सबको शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, सभी को ईस्टर की बधाई! इस अवसर पर हम ईसा मसीह के पुनरुत्थान का जश्न मनाते हैं। यह त्यौहार नई उम्मीद और नई शुरुआत की भावना को प्रेरित करता है। ईसा मसीह की शिक्षाएँ मानवता को प्रेम और त्याग के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं। आशा और आनंद का यह त्यौहार सभी के लिए शांति और समृद्धि लाए।
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, सभी को ईस्टर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह ईस्टर इसलिए खास है क्योंकि दुनिया भर में जयंती वर्ष को बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पवित्र अवसर हर व्यक्ति में आशा, नवीनीकरण और करुणा की भावना जगाए। चारों ओर खुशियाँ और सद्भावना हो।
सांसद राहुल गांधी ने दी बधाई
सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, आपको और आपके प्रियजनों को ईस्टर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह खुशी का अवसर सभी के लिए नई शुरुआत, नई उम्मीद और स्थायी खुशी लेकर आए।
क्या है पुनरुत्थान दिवस या Easter Sunday?
बता दें कि ईस्टर ईसाई धर्म का एक प्रमुख पर्व है, जो यीशु मसीह के पुनरुत्थान का उत्सव मनाता है। यह पर्व इसीलिए माना जाता है क्योंकि यीशु को सूली पर चढ़ाए जाने के तीसरे दिन वो जीवित होकर वापस लौट आएं थे। यहीं ईसाई विश्वास का केंद्रीय आधार है। ईस्टर वसंत ऋतु में, चंद्र कैलेंडर के आधार पर, गुड फ्राइडे के बाद आने वाले रविवार को मनाया जाता है, इसकी तिथि हर साल बदलती है। यह पर्व आध्यात्मिक नवीकरण, आशा और नई शुरुआत लेकर आती है।