
Yamuna Water Level : दिल्ली फिर संकट में ! खतरे के निशान के पार पहुंचा यमुना नदी का जलस्तर
Lucknow Desk : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हिमाचल प्रदेश में कुछ दिन से हो रही मूसलधार बारिश से दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर मंगलवार को यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर बढ़कर 205.39 मीटर तक पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, जल स्तर में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जो मंगलवार की रात 10 बजे खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर 205.39 मीटर हो गया।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण नदी के जल स्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। शाम छह बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर जलस्तर 204.94 मीटर था। सीडब्ल्यूसी के मुताबिक, दिल्ली में दोपहर तीन बजे यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया और जलस्तर 204.57 मीटर हो गया. 'चेतावनी' स्तर 204.5 मीटर है।
वहीं आपको बता दें कि पुराना लोहा पुल के पास सोमवार शाम सात बजे 203.37 मीटर जलस्तर था। मंगलवार सुबह चेतावनी स्तर से ऊपर 204 मीटर के ऊपर और शाम सात बजे 205 मीटर से ऊपर जलस्तर पहुंचा था। उसके तीन घंटे बाद यह खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा के यमुनानगर के हथनी कुंड बैराज से पिछले दिनों की तुलना में पिछले तीन दिनों से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है।
हथनी कुंड बैराज से छोड़ा जा रहा ज्यादा पानी
पिछले दिनों 10 हजार क्यूसेक से कम पानी छोड़ा जा रहा था। यह सोमवार सुबह नौ बजे 75 हजार क्यूसेक से ज्यादा हो गया, यह 26 जुलाई के बाद सबसे अधिक है। सोमवार देर रात को भी 75 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया। मंगलवार को प्रति घंटे 30 हजार से 55 हजार क्यूसेक तक पानी छोड़ा गया। अब इसमें कमी आई है। मध्य रात्रि से प्रति घंटे 30 हजार क्यूसेक से कम पानी छोड़ा जा रहा है।