
Lucknow में 13 साल की दिव्यांग बच्ची से गैंगरेप, जांच में जुटी पुलिस
Lucknow Desk: लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में सोमवार देर रात 13 वर्षीय अनुसूचित जाति की दिव्यांग बच्ची से गैंगरेप का मामला सामने आया है। क्षेत्र के तीन युवकों ने यह घटना को अंजाम दिया है। बच्ची अपने परिवार के साथ हजरतगंज में ही रहती है। पीड़िता की बहन ने बच्ची को घायल अवस्था में देखा और पूछताछ की तो बच्ची ने जानकारी दी। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
पीड़िता की बहन ने बताया कि रोजाना की तरह सोमवार देर रात सभी सो गए थे। उस दौरान पड़ोस में रहने वाले तीन युवक लड़की को बहला-फुसला कर साथ ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। देर रात बहन घर पर आकर चुपचाप लेट गई। किसी को कुछ नहीं बताया। जब उसने बहन के कपड़े पर खून के निशान व चोट के निशान देखे, तब उसे पूछताछ की तो उसने इशारे में ये सारी घटना के बारे में बताई।
पूरी जानकारी करने के लिए उसे युवको को दिखाया तो उनकी तरफ अंगुली से इशारा कर बताया। इसके बाद हजरतगंज थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची दिव्यांग है, ऐसे में उसके बताए गए लड़कों को चिह्नित कर लिया गया है।
वहीं CCTV फुटेज की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उन्हीं युवकों ने दुष्कर्म किया या नहीं। कोई और भी हो सकता है, क्योंकि बच्ची सही से कुछ बता नहीं पा रही है। ऐसे में पूरी तरह कंफर्म होने पर आरोपितों को जेल भेजा जाएगा।
पुलिस ने बताया कि बच्ची ने बहन को रास्ता बताया है। उस रास्ते पर लगे सभी सीसीटीवी पुलिस खंगाल रही है। उसमें कुछ संदिग्ध चिह्नित भी हुए हैं। जिन आरोपितों पर आरोप लगाया गया है उनसे मिलान कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।